कटनी- जिला पंचायत कटनी की सामान्य सभा की बैठक 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा जारी पत्र के अनुसार बैठक के एजेंडे में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के साथ ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार, आजीविका मिशन (ग्रामीण), शिक्षा, कृषि, विद्युत, वन एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा जिला पंचायत की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा एमडीएम शाखा के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा होगी।
बैठक में निर्धारित एजेंडे के अतिरिक्त अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जा सकेगी। जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक एवं अद्यतन जानकारी के साथ निर्धारित समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।