प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्राम पंचायतों के बिजली बिल भुगतान में अब नहीं चलेगी लापरवाही…,विकासखंड स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, समय पर बिल भुगतान और विद्युत कनेक्शन संबंधी समस्याओं का होगा निराकरण

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- ग्राम पंचायतों में विद्युत कनेक्शन, विद्युत मीटर एवं बिजली बिलों के समयबद्ध भुगतान को सुनिश्चित करने के लिए जनपद पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, कटनी के अधिकारियों को शिविरों के आयोजन और आवश्यक कार्रवाई के संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों की शिविरों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्युत कनेक्शन, मीटर तथा लंबित विद्युत बिलों से संबंधित मामलों का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

6 जनपदों में तय हुआ शिविरों का कैलेंडर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी शिविर प्रातः 11 बजे से आयोजित होंगे—

1 सितंबर — जनपद पंचायत बड़वारा सभा कक्ष
2 सितंबर — जनपद पंचायत बहोरीबंद सभा कक्ष
3 सितंबर — जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा सभा कक्ष
8 सितंबर — जनपद पंचायत कटनी सभा कक्ष
9 सितंबर — जनपद पंचायत रीठी सभा कक्ष
10 सितंबर — जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ सभा कक्ष

8 बिंदुओं पर कार्रवाई की होगी निगरानी

जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जारी निर्देशों के बिंदु क्रमांक 1 से 8 तक की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्रवाई से जिला पंचायत कार्यालय को अवगत कराया जाए।

इन शिविरों का उद्देश्य ग्राम पंचायतों के विद्युत संबंधी मामलों को समय पर निपटाना और बिजली बिल भुगतान व्यवस्था को व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाना है। जिला पंचायत स्तर से इसकी लगातार निगरानी भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button