Blogमध्यप्रदेश

सागर जहरीली शराब कांड में एक और आरोपी का शर्ट एनकाउंटर, 30 हजार के इनामी शिवांजय राजपूत के पैर में लगी गोली, पुलिस ने देशी कट्टा, कारतूस और बाइक की बरामद

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

सागर- मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कठुआ नाला के जंगल में सर्चिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जंगल में छिपे होने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली थी कि बंडा शराब प्रकरण में फरार आरोपी शिवांजय राजपूत कठुआ नाला के पास जंगल में छिपा है और धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से अपने गांव छापरी की ओर जा सकता है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की। थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह और थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

पुलिस पर फायरिंग का दावा, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम का सामना आरोपी से हुआ। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर तीन गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।

कट्टा, छह कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत पिता धर्मेंद्र राजपूत, निवासी ग्राम छापरी, थाना बंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पहले रवि लखेरा भी हुआ था गिरफ्तार

जहरीली शराब कांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले फरार आरोपी रवि लखेरा को भी पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। शिवांजय राजपूत की गिरफ्तारी को मामले में पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

प्रशासन ने भी कसा शिकंजा

जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपियों से जुड़े अतिक्रमणों पर बुलडोजर कार्रवाई के साथ ही तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। रिसॉर्ट, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी जांच और कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button