Blog

परिवहन विभाग की सघन जांच में बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट सड़कों पर दौड़ रहीं दो यात्री बसें जब्त, बिना कैमरा और VLT डिवाइस दो स्कूल बसों की फिटनेस रद्द, ओवरलोड मालवाहक और बिना फिटनेस एंबुलेंस भी जब्त

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग ने मंगलवार को जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल बसों, यात्री बसों, मालवाहक वाहनों और एंबुलेंस के परमिट, फिटनेस, दस्तावेजों तथा सुरक्षा मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने बताया कि अभियान के दौरान 18 स्कूल बसों और 22 यात्री बसों की जांच की गई। जांच में दो यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित मिलीं। दोनों बसों को जब्त कर थाना कुठला में खड़ा कराया गया।

कैमरा और VLT डिवाइस नहीं, दो स्कूल बसों की फिटनेस रद्द

स्कूल बसों की जांच के दौरान ग्लोबल पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक MP-21-ZG-7043 और वेल वेदर स्कूल की बस क्रमांक MP-21-P-0445 में कैमरा नहीं मिला। इसके अलावा वीएलटीडी चालू नहीं होने सहित अन्य कमियां भी पाई गईं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों बसों की फिटनेस निरस्त कर उन्हें थाना कुठला में खड़ा कराया गया।

परिवहन विभाग ने संबंधित स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर सभी कमियां निर्धारित मापदंडों के अनुसार दूर कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि दोबारा फिटनेस कराए बिना इन बसों का संचालन किया गया तो संबंधित स्कूल संचालक जिम्मेदार होंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ओवरलोड मालवाहक और बिना फिटनेस एंबुलेंस जब्त

जांच के दौरान एक मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलता मिला। ओवरलोड पाए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना बड़वारा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वहीं एक एंबुलेंस बिना वैध फिटनेस के संचालित मिली, जिसे जब्त कर थाना कुठला में खड़ा कराया गया।

परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों से परमिट, फिटनेस, बीमा, कर सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button