मध्यप्रदेश

ढीमरखेड़ा में दो चरणों का FLN शिक्षक प्रशिक्षण सम्पन्न, 217 प्राथमिक शालाओं के 217 शिक्षक और 17 जनशिक्षक हुए प्रशिक्षित, हिंदी-गणित-अंग्रेजी के लक्ष्यों के साथ AI व डिजिटल तकनीक के उपयोग पर जोर

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

ढीमरखेड़ा- भारत सरकार की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास और बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद शिक्षा केंद्र ढीमरखेड़ा में दो चरणों का शिक्षक प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देश एवं कलेक्टर कटनी के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में कक्षा पहली एवं दूसरी पढ़ाने वाले शिक्षकों तथा जनशिक्षकों को विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ हिंदी, गणित एवं अंग्रेजी के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही डिजिटल माध्यमों, नई तकनीकों, गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रभावी उपयोग के माध्यम से सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण प्रभारी गणेश महोबिया ने बताया कि दो चरणों में विकासखंड की 217 प्राथमिक शालाओं के कक्षा पहली एवं दूसरी पढ़ाने वाले 217 शिक्षकों तथा 17 जनशिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में विभिन्न भाषायी कौशल विकसित करने के साथ उन्हें समझ आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर सूर्यकांत त्रिपाठी, कमोद चौधरी, पुष्पलता चौबे, अर्चना झारिया, राजीव काछी एवं संजय हल्द्कार ने शिक्षकों को निर्धारित पाठ्यक्रम एवं FLN लक्ष्यों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभय जैन, डाइट व्याख्याता राजेंद्र असाटी, बीआरसीसी प्रेम कोरी, बीएसी हेमंत समाल, सतेंद्र गौतम एवं केके पटेल ने मॉडल हायर सेकेंडरी विद्यालय ढीमरखेड़ा स्थित प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर प्रशिक्षण की जानकारी ली तथा राज्य शिक्षा केंद्र की अपेक्षाओं एवं लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक सुझाव और निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button