Blogमध्यप्रदेश

बरसते पानी में भी नहीं डिगी आस्था, जयकारों के बीच बप्पा को भावभीनी विदाई, कटनी जिले से लेकर ग्रामीण अंचलों तक गणपति विसर्जन की धूम, देर रात तक चलेगा विसर्जन का सिलसिला

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले सहित ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार को लगातार बारिश के बीच भी गणपति बप्पा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बरसते पानी में श्रद्धालु गणपति प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे और पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान के साथ जयकारों के बीच बप्पा को भावभीनी विदाई दी। विसर्जन स्थलों पर दिनभर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का माहौल बना रहा। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा और विसर्जन का सिलसिला देर रात तक जारी रहने की संभावना है।

सुरक्षा के लिए प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था

गणपति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कृत्रिम कुंड एवं विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, होमगार्ड जवानों के साथ गोताखोरों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अमला लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है, ताकि विसर्जन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। ग्रामीण क्षेत्रों में भी क्षेत्रीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बारिश भी नहीं रोक सकी श्रद्धा का सैलाब
लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लोग अपने-अपने क्षेत्र से गणपति प्रतिमाओं को सजाकर विसर्जन स्थलों तक लेकर पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच बप्पा को विदाई दी गई। कई स्थानों पर श्रद्धालु बारिश में भी भक्ति में लीन नजर आए। प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के बीच देर रात तक प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button