सरस्वती कॉलोनी की गणेश प्रतिमा विसर्जित करने साथियों के साथ पहुंचे थे युवक, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; अनंत चतुर्दशी पर बदनावर में पसरा मातम, अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धार जिले अंतर्गत बदनावर के बागेड़ी डैम पर दर्दनाक हादसा हो गया। सरस्वती कॉलोनी की गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे तीन युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और नगर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान राहुल पिता मुकेश प्रजापत, निहाल पिता मुकेश भांभी तथा कान्हा उर्फ पवन पिता भंवरलाल राठौड़, निवासी सुभाष मार्ग भेरू उखलिया के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है।
ढोल-ढमाकों के साथ पहुंचे थे डैम
जानकारी के अनुसार सरस्वती कॉलोनी में मंदिर में स्थापित गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए कॉलोनी के युवक शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ढोल-ढमाकों के साथ बागेड़ी डैम पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक पानी में उतरे। इनमें से दो युवक वापस किनारे आ गए, जबकि राहुल, निहाल और कान्हा उर्फ पवन गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। कुछ देर तक तीनों के वापस नहीं आने पर किनारे खड़े साथियों ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव
युवकों के डूबने की जानकारी मिलते ही डैम पर मौजूद अन्य लोग भी मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने पानी में उतरकर तीनों को तलाशना शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों को एक-एक कर पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तीनों शवों को निजी वाहन और 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए, जबकि मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।