छतरपुर- बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है। हाल ही में सामने आए एक मामले का संदर्भ देते हुए उन्होंने माताओं और बहनों से संभव हो तो अकेले बागेश्वर धाम नहीं आने की सलाह दी।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यदि किसी परिस्थिति में अकेले धाम आना पड़े तो किसी अनजान व्यक्ति पर आसानी से भरोसा न करें और उसके साथ कहीं जाने से बचें। उन्होंने श्रद्धालुओं से धाम क्षेत्र में अनावश्यक रूप से लंबे समय तक ठहरने से भी बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम का क्षेत्र काफी विस्तृत है, ऐसे में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की जरूरत है। अपनी सुरक्षा को लेकर प्रत्येक श्रद्धालु को स्वयं भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उनकी यह अपील धाम आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, को यात्रा के दौरान सतर्क और सावधान रहने के संदेश के रूप में सामने आई है।