मध्यप्रदेशराजनीति
जनविश्वास की जीत: सीएम डॉ. मोहन यादव ने एनडीए की चुनावी सफलता पर विजयी प्रत्याशियों को ‘X’ पर दी बधाई एवं शुभकामनाएं
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मोदी के मार्गदर्शन, नितिन नवीन के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को बताया सफलता का आधार
भोपाल- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तर प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में भाजपा एवं एनडीए की चुनावी सफलताओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजयी प्रत्याशियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इन सफलताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के आठ राज्यसभा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन, असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में जीत तथा पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर एवं पुडुचेरी के थट्टांचावडी विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में एनडीए की सफलता जनसमर्थन को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि ये परिणाम देशभर में डबल इंजन सरकारों की जनहितैषी नीतियों के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रमाण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा, पारदर्शिता और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. यादव ने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि जनकल्याण और सुशासन के संकल्प के साथ देश के विकास की यात्रा आगे बढ़ती रहेगी।





