मध्यप्रदेश

सिवनी के छपारा में दीपावली की रात घर में सो रहे सराफा व्यापारी के मकान में लगी भीषण आग, 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 4 का रेस्क्यू

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

सुबह साढ़े चार बजे मकान में लगी आग से मचा हड़कंप, मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल; सराफा व्यापारी कुंदन सोनी का परिवार उजड़ा

सिवनी/छपारा- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं, मकान में मौजूद चार अन्य सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे के बाद पूरे नगर में शोक और मातम का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छपारा के महावीर वार्ड निवासी सराफा व्यापारी कुंदन सोनी का परिवार दीपावली का त्योहार मनाने के बाद घर में सो रहा था। सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक मकान आग की लपटों से घिर गया। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

बताया गया कि घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह सदस्य आग की चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठे। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। वहीं अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया।

आग लगने के कारणों का पता नहीं, जांच जारी

फिलहाल मकान में आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना की जांच की जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही केवलारी से कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और व्यापारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

दीपावली जैसे खुशियों के पर्व पर हुए इस भीषण अग्निकांड ने पूरे छपारा नगर को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में रात तक त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां सुबह चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Articles

Back to top button