नर्मदा स्नान के लिए बरमान जा रहे थे भैंसा गांव के लोग, गोपालपुरा के पास हुआ दर्दनाक हादसा; कार के उड़े परखच्चे
सागर- मध्यप्रदेश के सागर जिले में दीपावली के अगले दिन एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया है।
नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, नरयावली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव से करीब एक दर्जन लोग कार्तिक अमावस्या के अवसर पर अर्टिगा कार से नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए बरमान जा रहे थे। इसी दौरान देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया।
देवरी से सागर रेफर किए गए घायल
देवरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और भैंसा गांव में शोक का माहौल है। घायलों के परिजन भी सूचना मिलने के बाद सागर के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।