Blogमध्यप्रदेश

एमपी के शहरों का दिखा स्वच्छता सर्वेक्षण में जलवा, रीवा नंबर-1 तो जबलपुर दूसरे स्थान पर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को किया सम्मानित

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के घोषित परिणामों में मध्यप्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर देशभर में अपनी स्वच्छता का लोहा मनवाया है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों ने विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल कर स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की मजबूत पहचान कायम की है। इंदौर और देपालपुर की संयुक्त जोड़ी को देशभर में दूसरा स्थान मिला है, जबकि 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर ने भी दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

सर्वेक्षण के परिणामों के अनुसार, 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन ने शीर्ष स्थान हासिल कर स्वच्छता का परचम लहराया। इसके अलावा रिवर फ्रंट श्रेणी में रीवा को देश में नंबर-1 का स्थान मिला है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किए। इस उपलब्धि के पीछे स्थानीय निकायों की सक्रियता, बेहतर प्रबंधन, जनभागीदारी और स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रयासों की अहम भूमिका रही।

इंदौर-देपालपुर की संयुक्त उपलब्धि की खास वजह दोनों शहरों के बीच स्वच्छता व्यवस्था, संसाधनों और आधुनिक तकनीक को साझा करने की पहल रही। वहीं, उज्जैन ने स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए कई अभिनव प्रयोग किए हैं। यहां मंदिरों से निकलने वाले फूलों से अगरबत्ती और गुलाल तैयार किया जा रहा है। पुराने कपड़ों से पेपर बैग बनाने के साथ गीले कचरे से बिजली उत्पादन जैसे नवाचार भी किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया। ऐसे व्यापक राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के शहरों का विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल करना प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था, नवाचार और नगरीय प्रबंधन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button