मध्यप्रदेश

पन्ना में जुए की फड़ पर कोतवाली पुलिस का छापा, भाजपा के पूर्व पदाधिकारी समेत 6 गिरफ्तार

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

पन्ना- शहर के धाम मोहल्ले में जुए की फड़ पर कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अल्पेश शर्मा और पूर्व नगर भाजपा मंडल महामंत्री विजय तिवारी के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से कुल 83 हजार 500 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। भाजपा के पूर्व पदाधिकारियों के जुआ खेलते पकड़े जाने की खबर सामने आने के बाद शहर में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धाम मोहल्ला स्थित एक मकान में कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की घेराबंदी की। पुलिस जब मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंची तो वहां कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर तलाशी ली।

गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के पूर्व पदाधिकारी भी शामिल

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अल्पेश शर्मा पिता नंदकिशोर शर्मा (48), निवासी धाम मोहल्ला, विजय तिवारी पिता स्वर्गीय दामोदर प्रसाद तिवारी (47), निवासी बड़ा बाजार, मोहित शर्मा पिता स्वर्गीय राजेश शर्मा (35), निवासी पुराना पन्ना, लोकेश शर्मा पिता राजकिशोर शर्मा (44), निवासी धाम मोहल्ला, मनोज शर्मा पिता चेतन दास शर्मा (53), निवासी धाम मोहल्ला और नितेश शर्मा पिता स्वर्गीय कपिल शर्मा (33), निवासी धाम मोहल्ला शामिल हैं।

तलाशी में अलग-अलग स्थानों से मिली नकदी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए की फड़ से कुल 83 हजार 500 रुपए बरामद किए। इसके अलावा मौके से 52 ताश के पत्ते भी जब्त किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की है।

राजनीतिक पहचान के चलते शहर में चर्चा

जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार लोगों में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अल्पेश शर्मा और पूर्व नगर भाजपा मंडल महामंत्री विजय तिवारी के नाम सामने आने के बाद इस कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button