Blog

कटनी में निजी अस्पताल और पैथोलॉजी सेंटरों की कार्यप्रणाली पर सवाल, बिना इलाज आयुष्मान कार्ड से निकाले ₹50,100

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। एक मामले में बिना उचित इलाज किए आयुष्मान कार्ड से 50,100 रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है, तो दूसरे मामले में एक ही मरीज की तीन अलग-अलग पैथोलॉजी लैब की रिपोर्ट में CRP का स्तर अलग-अलग दर्ज होने पर सवाल उठाए गए हैं। दोनों शिकायतें स्वास्थ्य विभाग तक पहुंच चुकी हैं और जांच के लिए टीमें भी गठित की गई हैं, लेकिन अब तक जांच शुरू नहीं हो सकी है।

पहला मामला माधवनगर स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर से जुड़ा है। अतुल तिवारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीज का उचित इलाज किए बिना ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 50,100 रुपये की राशि निकाल ली। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने और जिम्मेदार प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं दूसरा मामला, पैथोलॉजी जांच की विश्वसनीयता से जुड़ा है। संदीप सोनी ने अपनी पत्नी पिंकी सोनी की CBC और CRP जांच की तीन अलग-अलग पैथोलॉजी लैब से प्राप्त रिपोर्टों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, तीनों रिपोर्ट में CRP का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया। रिपोर्टों में CRP की रीडिंग क्रमशः 367.5, 60.5 और 90.85 सामने आई। शिकायतकर्ता ने इन रिपोर्टों के अंतर पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जांच टीम गठित, कार्रवाई का इंतजार

दोनों मामलों की शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम गठित की है, लेकिन जांच की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इस संबंध में CMHO डॉ. राज सिंह ठाकुर का कहना है कि त्योहारों के कारण जांच शुरू नहीं हो पाई थी। जल्द ही जांच पूरी कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मरीजों के अधिकार और सरकारी योजना की पारदर्शिता पर सवाल

इन दोनों शिकायतों ने जिले में निजी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर आयुष्मान योजना के तहत उपचार के नाम पर राशि निकाले जाने के आरोप हैं, तो दूसरी ओर पैथोलॉजी जांच रिपोर्टों में अंतर को लेकर मरीजों की चिंता सामने आई है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग कब तक इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच पूरी कर तथ्यों को सार्वजनिक करता है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button