कटनी- जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन 22 नवंबर से किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 1 लाख 73 हजार 153 बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलेभर में कुल 1670 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 3354 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अभियान के प्रथम दिवस रविवार, 22 नवंबर को निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के नागरिकों एवं अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी अभिभावक 22 नवंबर को अपने नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलवाएं। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।