Blogमध्यप्रदेश

हाईकोर्ट की पुलिस विभाग पर तल्ख टिप्पणी: ‘बेलगाम घोड़ा’ बनता जा रहा पुलिस महकमा, डीजीपी को भी लगाई फटकार

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

34 मांग-पत्रों में से 31 दबाने का खुलासा, नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के प्रति लापरवाही पर कोर्ट नाराज; आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश

ग्वालियर- मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, गंभीर लापरवाही और तथ्यों को छिपाने की प्रवृत्ति पर बेहद सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस जी.एस. अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की डिवीजन बेंच ने पुलिस के आला अधिकारियों की कार्यशैली पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता तथा देश के कानून का सम्मान नहीं करते। पुलिस विभाग को एक ‘बेलगाम घोड़ा’ बनाने की कोशिश की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने आदेश की प्रति प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि शासन को पुलिस विभाग की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा सके।

34 मांग-पत्रों में से 31 पर कार्रवाई नहीं

सुनवाई के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि पुलिस लाइन के रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) को कुल 34 मांग-पत्र प्राप्त हुए थे, लेकिन इनमें से केवल 3 पर ही कार्रवाई की गई, जबकि शेष 31 मांग-पत्रों को दबा दिया गया। कोर्ट ने इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताई। खास बात यह रही कि पहले न्यायालय में पेश किए गए जवाब में इस महत्वपूर्ण तथ्य को छिपाया गया था।

डीजीपी की टिप्पणी पर कोर्ट ने उठाए सवाल

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की ओर से पेश टिप्पणियों में पुलिस विभाग को क्लीन चिट देते हुए कहा गया था कि पुलिस की ओर से कोई उदासीनता नहीं बरती गई है। साथ ही यह भी कहा गया कि आपराधिक अपील में जमानत अर्जी पर कैदी के जीवन और स्वतंत्रता का प्रश्न नहीं उठता।

इस पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि डीजीपी ने रिकॉर्ड का समुचित अवलोकन किए बिना ही खुद को और अपने विभाग को ईमानदारी का प्रमाणपत्र दे दिया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि डीजीपी की जानकारी और मार्गदर्शन में ही तथ्यों को छिपाने का प्रयास हो रहा है तथा वे ऐसे अधिकारियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता की परवाह नहीं है।

कैंसर पीड़ित कैदी को एम्स में इलाज नहीं मिलने का मामला

यह पूरा मामला जेल में बंद कैंसर पीड़ित नरहरि को बेहतर उपचार के लिए एम्स नहीं भेजे जाने से जुड़ा है। मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। कोर्ट ने इस पूरे प्रकरण को नागरिकों के मौलिक अधिकारों और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा गंभीर मामला माना।

एसएसपी की दलील खारिज, आरआई और आरक्षक निलंबित

हाईकोर्ट के निर्देश पर ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि रिजर्व इंस्पेक्टर रंजीत सिंह सिकरवार और एक आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने तक उनका निलंबन बहाल नहीं किया जाएगा।

हालांकि, एसएसपी द्वारा एडिशनल एसपी को प्रारंभिक जांच सौंपकर एक महीने का समय मांगने और स्वयं के ट्रेनिंग पर होने का हवाला देने पर कोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताई। न्यायालय ने उनकी दलील को स्वीकार करने योग्य नहीं माना और कहा कि ऐसी कार्यशैली अनुशासनहीनता तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों के प्रति तिरस्कार को बढ़ावा देती है।

हाईकोर्ट के न्यायिक दस्तावेजों में छेड़छाड़ का मामला भी उजागर

सुनवाई के दौरान न्यायालय के प्रशासनिक कामकाज से जुड़ा एक और गंभीर मामला सामने आया। न्यायिक दस्तावेजों के अनुसार, 25 नवंबर को नियमित रीडर हरिओम शर्मा ने अनुपालन रिपोर्ट पेश करने की अनुमति दी थी। लेकिन स्थानापन्न रीडर मोहम्मद साबिर ने उस अनुमति को काट दिया और 26 नवंबर को बिना न्यायालय की अनुमति के नई अनुमति दर्ज कर दी।

इस घटनाक्रम ने न्यायालय के रिकॉर्ड और न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव तक पहुंचेगा मामला

हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणियां पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं। न्यायालय ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में लापरवाही, तथ्यों को छिपाने और जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जा सकती। अब इस आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव तक भेजे जाने से प्रदेश के पुलिस प्रशासन में जवाबदेही तय करने का मुद्दा और गंभीर हो गया है।

Related Articles

Back to top button