प्रशासनमध्यप्रदेश

संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प, ढीमरखेड़ा, बहोरीबंद और कटनी सहित सभी जनपद पंचायतों में हुआ सामूहिक वाचन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिलेभर की जनपद पंचायतों में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, बहोरीबंद, कटनी सहित जिले की अन्य जनपद पंचायतों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।

जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कृष्णकांत पांडेय तथा जनपद पंचायत बहोरीबंद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार झा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। इस दौरान सभी ने भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान के मूल सिद्धांतों के अनुरूप अपने शासकीय दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और हितों के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान दिवस केवल संविधान की उद्देशिका के वाचन तक सीमित नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराने और लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का अवसर भी है। जिले की जनपद पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक चेतना और कर्तव्यनिष्ठ प्रशासन का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button