31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे चावल की अफरातफरी का आरोप, 10,797.18 क्विंटल चावल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा; कटनी में परिवहन कार्य पर फर्म प्रतिबंधित
कटनी- जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए भेजे गए फोर्टिफाइड चावल की गुमशुदगी के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में 31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे चावल के निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचने और फर्जी डिलीवरी चालान प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आने के बाद मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस, चाकघाट के चार पार्टनर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं, मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल के प्रबंध संचालक ने संबंधित फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत सिंह ठाकुर ने रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने फर्म के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) एवं 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया है।
31 ट्रकों में भेजा गया 10,797 क्विंटल चावल लापता
जांच में सामने आया कि कटनी जिले से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए 31 ट्रकों के माध्यम से कुल 21,765 बोरे चावल भेजा गया था। इन बोरों का कुल वजन 10,797.18 क्विंटल बताया गया है। आरोप है कि परिवहनकर्ता फर्म ने चावल को निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया और उसकी अफरातफरी कर दी। यह मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया है।
फर्जी डिलीवरी चालान से कागजों में दिखाई गई आपूर्ति
मामले में सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि परिवहनकर्ता फर्म के पार्टनर्स द्वारा चावल की डिलीवरी के फर्जी चालान तैयार किए गए और उनकी पावती संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत कर दी गई। इस तरह दस्तावेजों में चावल की आपूर्ति दर्शाने का आरोप है, जबकि वास्तविकता में निर्धारित स्थानों तक चावल नहीं पहुंचा। जांच दल ने इसे शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने वाला गंभीर कृत्य माना है।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित हुई थी जांच टीम
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा मामले की जांच के लिए गठित दल में प्रभारी जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत सिंह ठाकुर, तहसीलदार नजूल आकाश नीरज सहित नागरिक आपूर्ति निगम के विभिन्न केंद्रों के प्रभारी शामिल थे।
जांच दल में कटनी, बड़वारा, विजयराघवगढ़ और मझगवां के केंद्र प्रभारी अशोक पटाइत तथा बहोरीबंद, स्लीमनाबाद और ढीमरखेड़ा की केंद्र प्रभारी नेहा अहिरवार भी शामिल रहीं। जांच में परिवहनकर्ता के कृत्य को निविदा शर्तों का उल्लंघन, धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत पाया गया।
2024-25 में हुआ था परिवहन का अनुबंध
जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में एलआरटी सामान्य सहलोडिंग, अनलोडिंग, तौल एवं स्टेकिंग कार्य के लिए निर्धारित एसओआर पर परिवहन अनुबंध किया गया था। इसी अनुबंध के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए चावल का परिवहन संबंधित फर्म को सौंपा गया था।