कटनी जिले में 49 रेत खदानें बंद होने के बावजूद बरही-बड़वारा क्षेत्र की भदर, उमरार, महानदी और पिपही नदियों में कथित अवैध रेत उत्खनन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। नदियों में बड़े पैमाने पर हो रहे उत्खनन की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद कटनी और उमरिया जिले के खनिज विभाग की संयुक्त जांच टीम ने आनन-फानन में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। हालांकि, जांच की कार्यप्रणाली को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का समुचित निरीक्षण किए बिना ही खदान संचालक बाबा महाकाल कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर और प्रबंधक को क्लीन चिट दे दी।
हैरानी की बात यह है कि कटनी और उमरिया जिले की सीमा पर भदर नदी के मुडगुड़ी क्षेत्र में नदी की धार के बीच बनाए गए रास्तों तक जांच दल पहुंचा ही नहीं। जिन स्थानों पर मशीनों से रेत निकालने और डंपरों से परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं, वहां भी टीम ने निरीक्षण नहीं किया। बुधवार को भी नदियों में जेसीबी से उत्खनन होने की बात सामने आई थी, लेकिन गुरुवार को जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों को मौके पर कोई मशीन या अवैध गतिविधि दिखाई नहीं दी।
खुलासे के बाद बनी संयुक्त टीम, जांच पर सवाल
नदियों में कथित अवैध उत्खनन का मामला सामने आने के बाद रात करीब दो बजे की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे। इनमें नदी के भीतर मशीनों से रेत निकालने और परिवहन की गतिविधियों का दावा किया गया था। इसके बाद कटनी और उमरिया जिले के खनिज विभाग की संयुक्त जांच टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। लेकिन जांच के दौरान टीम को न तो जेसीबी मिली और न ही नदी के भीतर बनाए गए अस्थायी रास्तों का निरीक्षण किया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जांच दल ने किन तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार की।
नदी की धार में बने रास्ते भी नहीं दिखे
कटनी और उमरिया जिले की सीमा पर स्थित भदर नदी के मुडगुड़ी क्षेत्र में नदी के बीचोंबीच बनाए गए रास्ते अवैध उत्खनन की जांच का महत्वपूर्ण बिंदु माने जा रहे थे। इसके बावजूद जांच दल इन स्थानों तक नहीं पहुंचा। स्थानीय स्तर पर उठ रही शिकायतों के मुताबिक, नदी के भीतर मशीनों की मदद से रेत निकालने और डंपरों से परिवहन की गतिविधियां जारी हैं। ऐसे में केवल स्वीकृत खदानों का निरीक्षण कर लौटने से अवैध उत्खनन की वास्तविक स्थिति सामने आना मुश्किल है।
खैरवार घाट में सीमित निरीक्षण
जांच दल ने खैरवार घाट में स्वीकृत सीमा के भीतर खनन होने की बात कही। वहीं इमलिया और सुतरी घाट में खनन नहीं होने का दावा किया गया। खदान संचालक बाबा महाकाल कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर और प्रबंधक की मौजूदगी में खदान की सीमाओं का निर्धारण भी किया गया। लेकिन सवाल यह है कि जिन नदियों और स्थानों पर अवैध उत्खनन की शिकायतें सामने आई थीं, वहां वास्तविक स्थिति का सत्यापन क्यों नहीं किया गया?
जांच के नाम पर औपचारिकता या होगी निष्पक्ष पड़ताल?
संयुक्त जांच दल के निरीक्षण के बाद खनिज विभाग की ओर से अस्थायी मार्ग निर्माण नहीं मिलने की जानकारी दी गई है। दूसरी ओर, सामने आई तस्वीरों और वीडियो के आधार पर नदी के भीतर बने रास्तों और कथित उत्खनन की गतिविधियों को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। अब जरूरत इस बात की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए। नदी की धार में बने रास्तों, मशीनों की आवाजाही, डंपरों के परिवहन और स्वीकृत खदानों की सीमाओं का तकनीकी सत्यापन हो, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बंद खदानों के बावजूद रेत का उत्खनन कैसे जारी है।
खनिज विभाग के उपसंचालक रत्नेश दीक्षित के अनुसार, संयुक्त जांच दल ने कटनी जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में खदानों का भौतिक निरीक्षण किया। इमलिया और सुतरी घाट स्थित स्वीकृत रेत खदान क्षेत्रों का भी मुआयना किया गया। जांच में अस्थायी मार्ग निर्माण नहीं मिला है।