सीहोर- मध्यप्रदेश के सीहोर शहर में बुधवार शाम सरेराह एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात एसपी बंगले के पास हुई, जहां हमलावरों ने 45 वर्षीय लईक कुरैशी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। गंभीर रूप से घायल लईक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक लईक कुरैशी शहर के माता मंदिर के पास के निवासी थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पड़ोस में चल रहे विवाद और मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि लईक विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें ही निशाना बना लिया।
पांच लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के बेटे ने पांच लोगों पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपितों में अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम के नाम सामने आए हैं। बेटे का आरोप है कि आरोपियों ने उनके पिता को घेर लिया और उन पर जानलेवा हमला किया। वहीं, मृतक के बड़े पिता के मुताबिक पड़ोस में किसी व्यक्ति द्वारा गेट निकालने को लेकर विवाद हो रहा था। लईक जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया, जिसमें उनकी जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, परिजनों से बातचीत में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है। उधर, लईक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।