प्रशासनमध्यप्रदेश

नरवाई जलाने पर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने एसडीएम को सौंपी कमान; शिकायतों की अनदेखी करने वाले अफसरों की तय होगी जवाबदेही

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई (फसल अवशेष) जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और नरवाई जलाने की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नरवाई जलाने से न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि भूमि की उर्वरा शक्ति और मिट्टी में मौजूद जैविक तत्वों को भी नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा आग अनियंत्रित होकर आसपास के खेतों, खड़ी फसलों, पेड़-पौधों और आबादी वाले क्षेत्रों तक फैल सकती है, जिससे जन-धन की हानि का खतरा बना रहता है।

ग्रामवार तय होगी मैदानी अमले की जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार पटवारी, राजस्व निरीक्षक, कृषि विभाग के मैदानी अमले और अन्य कर्मचारियों को ग्रामवार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नरवाई जलाने की घटनाओं को शुरुआती स्तर पर ही रोकने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें। बार-बार घटनाएं होने अथवा समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित मैदानी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

सोशल मीडिया की शिकायतों पर भी होगी जांच

प्रशासन ने सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से मिलने वाली नरवाई जलाने की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। शिकायत प्राप्त होते ही मौके पर जांच कराई जाएगी और घटना प्रमाणित होने पर संबंधित दोषी व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक प्रमाणित मामले में ग्राम, कृषक का नाम, खसरा नंबर, घटना की तारीख, जलाए गए क्षेत्रफल और उपलब्ध साक्ष्यों सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार करना अनिवार्य होगा।

प्रतिदिन होगी कार्रवाई की समीक्षा

तहसीलदारों को नरवाई जलाने से संबंधित शिकायतों, मौके पर की गई जांच, प्रमाणित घटनाओं और दंडात्मक कार्रवाई का पूरा अभिलेख संधारित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर समेकित जानकारी जिला कार्यालय को भेजेंगे।

किसानों को बताएंगे वैकल्पिक प्रबंधन के तरीके

नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और कृषि विभाग के मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा। किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के साथ-साथ फसल अवशेषों के वैज्ञानिक एवं वैकल्पिक प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। संवेदनशील गांवों में अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को स्वयं भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नरवाई जलाने की रोकथाम और शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button