उमरियापान- प्रदेश के विभिन्न जिलों में बैंकों में लूटपाट और आपराधिक घटनाओं के बावजूद बैंक प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कितना सतर्क है, इसकी बानगी उमरियापान स्थित भारतीय स्टेट बैंक में देखने को मिली। शुक्रवार को शाम करीब 7 बजे के बाद तक बैंक का मुख्य गेट खुला रहने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह रही कि देर शाम तक बैंक का मुख्य द्वार खुला होने के बावजूद वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आए। इस घटनाक्रम ने बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्राहकों के लिए समय की पाबंदी, खुद के नियमों पर सवाल
बैंक उपभोक्ताओं ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए दोहरे रवैये का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि कोई ग्राहक शाम 4 बजकर 2 से 4 मिनट बाद बैंक पहुंचता है तो उसे कामकाज के लिए मना कर वापस लौटा दिया जाता है। ग्राहकों के लिए समय की इतनी सख्ती बरतने वाला बैंक प्रबंधन आखिर शाम 7 बजे के बाद तक मुख्य गेट खुला रखने को लेकर लापरवाह कैसे रहा? उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब बैंक का सामान्य कामकाज समाप्त हो जाता है, तब सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें
सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही बैंक कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी उपभोक्ताओं में असंतोष है। ग्राहकों ने बैंक में पदस्थ कैश ऑफिसर रूपेश सुसौदिया एवं निजी कर्मचारी किशन काछी पर उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं करने और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं। ग्राहकों का कहना है कि बैंक में अपने जरूरी काम से पहुंचने वाले लोगों को कर्मचारियों के व्यवहार के कारण असुविधा और अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अधिकारियों से शिकायत, कार्रवाई की मांग
बैंक के मुख्य गेट के देर शाम तक खुले रहने और कर्मचारियों के कथित व्यवहार को लेकर उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने, निर्धारित समय के बाद मुख्य द्वार बंद रखने तथा ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित कराने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंक में सुरक्षा संबंधी किसी भी तरह की चूक भविष्य में बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इसलिए प्रबंधन को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।
शाखा प्रबंधक ने मानी गलती, स्टाफ से लेंगे जानकारी
मामले में एसबीआई उमरियापान के शाखा प्रबंधक रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि यदि बैंक का मुख्य गेट निर्धारित समय के बाद तक खुला रहा है तो यह गलत है। इस संबंध में स्टाफ से जानकारी ली जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें समझाइश दी जाएगी कि वे उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार करें और बैंक की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
अब सवाल यह है कि बैंक के मुख्य द्वार के देर शाम तक खुले रहने के मामले में जिम्मेदारी किसकी तय होगी और क्या प्रबंधन केवल समझाइश तक सीमित रहेगा या सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों पर ठोस कार्रवाई भी की जाएगी?