Blog

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी, विभागीय जिम्मेदारी के साथ तय होगी अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश में सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि आम जनता की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और उनके निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अर्थदंड लगाया जाएगा।

हरदा में आयोजित ‘समाधान ऑनलाइन’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लंबित शिकायतों की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा आम नागरिकों को उनकी समस्याओं से समय पर राहत दिलाना है, लेकिन यदि अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते और उनका निराकरण समय पर नहीं करते, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर केवल संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय नहीं होगी, बल्कि दोषी अधिकारी की व्यक्तिगत जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी। ऐसे मामलों में आर्थिक दंड सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करें, शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और प्राथमिकता के आधार पर उनका संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं को लंबित रखना या शिकायतों के निराकरण में लापरवाही करना अधिकारियों को महंगा पड़ सकता है। सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को समय पर राहत पहुंचाना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button