Blogमध्यप्रदेश

‘जन अभियान परिषद’ के तत्वावधान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा सारंगपुर-बाला नाले में श्रमदान कर किया बोरी बंधान, प्लास्टिक-पॉलिथीन हटाकर स्वच्छता और वर्षा जल संचयन का दिया संदेश

जनलोक टाइम्स से पंकज नामदेव की रिपोर्ट

कटनी- मध्यप्रदेश ‘जन अभियान परिषद’ के तत्वावधान में विकासखंड ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति खंदवारा द्वारा 26 नवंबर को ग्राम सारंगपुर स्थित सारंगपुर-बाला नाले में जल संचय अभियान के तहत जल संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए नाले में 35 बोरियों का बोरी बंधान किया। साथ ही नाले में जमा प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं अन्य कचरे की सफाई कर जल स्रोत को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया।

बोरी बंधान के माध्यम से वर्षा जल को रोककर उसका संचयन करने तथा भूजल स्तर में वृद्धि को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के कोषाध्यक्ष राहुल शुक्ला ने उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने पानी का दुरुपयोग रोकने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्लास्टिक मुक्त भारत के उद्देश्य को भी प्रमुखता से उठाया गया। समिति अध्यक्ष आशीष बर्मन ने ग्रामीणों को प्लास्टिक एवं पॉलिथीन का उपयोग कम करने, सार्वजनिक स्थलों और जल स्रोतों में प्लास्टिक कचरा नहीं फेंकने तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष आशीष बर्मन, सचिव चमन कुमार, कोषाध्यक्ष राहुल शुक्ला सहित सदस्य अमन सिंह, सोमनाथ शुक्ला, चंद्रप्रकाश मेहरा, राहुल यादव, अशोक सिंह, सुरेंद्र सिंह, विनोद सिंह, अनिल सिंह, श्रवण कुमार, दिव्यांश सिंह, आदर्श सिंह, कमलेश सिंह, सतेंद्र झारिया सहित अन्य सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर में वृद्धि, जल स्रोतों की स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। अंत में सभी ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button