मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने आगर-मालवा जिले में रिश्वत मांगने के मामले में पटवारी और कोटवार के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों पर एक किसान से उसकी जमीन के नक्शे में हुई त्रुटि सुधारने के एवज में 60 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार, 27 नवंबर को कार्रवाई करते हुए कोटवार को 10 हजार रुपये की दूसरी किस्त लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया।
नक्शे की त्रुटि सुधारने के नाम पर मांगे 60 हजार
मामले के अनुसार, राम मालीपुरा निवासी शिकायतकर्ता आशुतोष चौहान ने 23 नवंबर को उज्जैन लोकायुक्त एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके बड़े पिता चिंतामण चौहान की जमीन के नक्शे में त्रुटि सुधारने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था। इस काम के सिलसिले में जब वह पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुंभकार से मिले तो दोनों ने नक्शे की त्रुटि सुधारने के एवज में 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पटवारी और कोटवार को वह पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये पहले ही दे चुके थे। इसके बाद भी शेष रकम की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त टीम ने उसका सत्यापन कराया और शिकायत सही पाए जाने के बाद दोनों को पकड़ने की योजना तैयार की।
योजना के तहत शुक्रवार को शिकायतकर्ता को रिश्वत की दूसरी किस्त के रूप में 10 हजार रुपये देकर भेजा गया। जैसे ही कोटवार संजय कुंभकार ने रुपये लेकर अपनी पेंट की जेब में रखे, पहले से घात लगाए लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया।
डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई डीएसपी दिनेशचंद पटेल के नेतृत्व में की गई। टीम में निरीक्षक हीना डावर सहित लोकायुक्त के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों के जमीन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।