Blog
सिरप कांड में बड़ा सवाल: 26 बच्चों की मौत के बाद निलंबित दो ड्रग इंस्पेक्टर 11 माह में बहाल जांच अभी अधूरी, विभागीय कार्रवाई जारी; शासन की सहमति के बिना बहाली पर उठे सवाल, मंत्री बोले- मुझे जानकारी नहीं
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- छिंदवाड़ा के बहुचर्चित कफ सिरप कांड में 26 बच्चों की मौत के बाद निलंबित किए गए दो ड्रग इंस्पेक्टरों की महज 11 महीने में बहाली ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरव शर्मा और शरद कुमार जैन को 6 अक्टूबर 2025 को निलंबित किया गया था। दोनों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद 19 फरवरी 2026 को विभागीय जांच शुरू की गई थी, जो अभी जारी है।
इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त नियंत्रक टीना यादव के आदेश पर 23 सितंबर को दोनों अधिकारियों को बहाल कर दिया गया। आदेश में विभागीय जांच जारी रखने का उल्लेख है। बताया गया है कि बहाली के लिए शासन की सहमति नहीं ली गई।
मामले की जांच एसटीएफ स्तर पर भी जारी है। बहाली के बाद शरद कुमार जैन को फिर जबलपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं, डिप्टी ड्रग कंट्रोलर की बहाली की तैयारी की भी चर्चा है।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल से जब बहाली को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि शासन की सहमति के बिना औषधि निरीक्षकों की बहाली की जानकारी उन्हें नहीं है। इससे विभागीय स्तर पर लिए गए फैसले को लेकर नई बहस छिड़ गई है।





