ग्वालियर- मध्यप्रदेश में राजस्व कार्यों में लापरवाही को लेकर पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई लगातार जारी है। ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर एक साथ 19 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। संबंधित एसडीएम ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के अमले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पटवारियों पर फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना के तहत ई-केवाईसी कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं करने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को लंबित रखने, न्यायालयीन मामलों में समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप हैं। इन कार्यों में लापरवाही को कार्रवाई का प्रमुख आधार बनाया गया है।
समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
कार्रवाई के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान ने राजस्व अमले को स्पष्ट संदेश दिया है कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि कार्यों में लापरवाही या निर्देशों की अवहेलना सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। निलंबित किए गए 19 पटवारियों की विस्तृत सूची और आदेश अलग से जारी किए जा रहे हैं।
राजस्व विभाग में हुई इस सामूहिक कार्रवाई को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।