ढीमरखेड़ा- जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत धरवारा में विकास कार्यों की भुगतान राशि में कमीशनखोरी और अड़ंगेबाज़ी का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पचपेढ़ी निवासी शैलेश बाजपेयी ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) यजुवेंद्र कोरी को शिकायत सौंपकर सरपंच अमित गर्ग और पंचायत सचिव पर निर्माण कार्य की बकाया राशि रोकने का आरोप लगाया है।
वर्ष 2025 में कार्य पूर्ण, फिर भी अटका भुगतान
शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब 3 लाख रुपये की स्वीकृत लागत वाला निर्माण कार्य वर्ष 2025 में ही पूर्ण हो चुका था। संबंधित इंजीनियर द्वारा कार्य की गुणवत्ता की पुष्टि भी की जा चुकी है। इसके बावजूद कुल राशि में से केवल 2 लाख 40 हजार रुपये का ही भुगतान किया गया है। आरोप है कि कमीशन लेने के बावजूद सरपंच और सचिव द्वारा शेष 40 हजार रुपये की राशि लंबे समय से दबाकर रखी गई है, जिससे पीड़ित को भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
CEO ने दिए जांच निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद CEO यजुवेंद्र कोरी ने सहायक यंत्री अजय केशरवानी को जांच का जिम्मा सौंपा है। जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत का तुरंत परीक्षण कर 2 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर सहायक यंत्री को जांच के निर्देश दिए गए हैं।