कटनी- रीठी वन परिक्षेत्र के देवरी-पटोहा तालाब के जंगल में तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, किसान के खेत के पास करीब 3 से 4 वर्ष उम्र के नर तेंदुए का शव मिला था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जंगली सूअर और हिरण के शिकार के लिए खेत के आसपास तार का फंदा लगाए जाने की आशंका है। इसी फंदे में तेंदुआ फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
टीम गठित कर शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने उच्च अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई। टीम ने पूछताछ और जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी
वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि तेंदुए की मौत से जुड़े इस मामले में आरोपियों के अलावा और कितने लोग शामिल हैं। विभाग की जांच अभी जारी है। त्वरित कार्रवाई के लिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने रीठी वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल सहित पूरी टीम की सराहना की है।