Blogमध्यप्रदेश

अब सामान्य गणित वाले विद्यार्थी भी पढ़ सकेंगे 11वीं में फिजिक्स-केमिस्ट्री-मैथ्स, माशिमं ने बदला नियम, बेसिक गणित से 10वीं पास विद्यार्थियों को भी गणित संकाय चुनने का मौका

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्य प्रदेश के स्कूलों में कक्षा 11वीं में विज्ञान विषयों की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने नियमों में बदलाव करते हुए अब सामान्य गणित से हाइस्कूल उत्तीर्ण विद्यार्थी भी 11वीं में गणित संकाय लेकर भौतिकी, रसायन शास्त्र और गणित (पीसीएम) की पढ़ाई कर सकेंगे।

अब तक हायर सेकेंडरी में गणित-विज्ञान विषय लेने के लिए कक्षा 10वीं में विशिष्ट गणित और विज्ञान विषय का अध्ययन अनिवार्य था। नए आदेश के बाद यह बाध्यता समाप्त कर दी गई है।

बेसिक गणित लेने वालों को भी मिलेगा मौका

इस फैसले का सबसे बड़ा लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने कक्षा 9वीं में सामान्य/बेसिक गणित का चयन किया है, लेकिन आगे चलकर विज्ञान वर्ग में गणित के साथ पढ़ाई करना चाहते हैं। ऐसे विद्यार्थी अब 11वीं में गणित संकाय का चयन कर सकेंगे।

2026-27 में विषय परिवर्तन भी नि:शुल्क

माशिमं ने सत्र 2026-27 के लिए विषय परिवर्तन की विशेष सुविधा भी दी है। सत्र 2025-26 में कक्षा 9वीं में विशिष्ट गणित लेने वाले विद्यार्थी यदि अब सामान्य गणित लेना चाहते हैं, तो कक्षा 10वीं के परीक्षा आवेदन-पत्र भरने से पहले कक्षा 9वीं के नामांकन फार्म में निश्शुल्क विषय परिवर्तन कर सकेंगे।

500 रुपये का शुल्क भी हटाया

पहले विषय परिवर्तन के लिए प्रति विषय 500 रुपये शुल्क देना पड़ता था। माशिमं ने फिलहाल सत्र 2026-27 के लिए यह सुविधा निश्शुल्क कर दी है। मंडल के अनुसार, कई विद्यार्थी मौजूदा नियमों के कारण विषय परिवर्तन के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे। इसी को देखते हुए एक वर्ष के लिए यह विशेष राहत दी गई है।

नया नियम विद्यार्थियों के लिए विज्ञान वर्ग में आगे बढ़ने के विकल्पों का दायरा बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button