मध्यप्रदेश

मंडला नगर पालिका सीएमओ 2 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, 15 लाख रुपए के बिल का भुगतान कराने के बदले मांगे थे 4 लाख, पहली किस्त लेते ही जबलपुर लोकायुक्त ने दबोचा

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मंडला- मंडला नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) गजानन नाफड़े को शुक्रवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने कथित रूप से 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा। आरोप है कि सीएमओ ने ठेकेदार के करीब 15 लाख रुपये के लंबित बिल के भुगतान के एवज में 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार जबलपुर निवासी ठेकेदार ज्ञानचंद बेन ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी कि नगर पालिका मंडला में उसके निर्माण कार्यों के करीब 40 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है, जबकि लगभग 15 लाख रुपये का बिल लंबित है। शिकायत के मुताबिक, भुगतान कराने के लिए सीएमओ ने 4 लाख रुपये की मांग की।

शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार को ठेकेदार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 2 लाख रुपये लेकर नगर पालिका कार्यालय भेजा गया। जैसे ही सीएमओ ने कथित तौर पर रकम स्वीकार की, सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त टीम सीएमओ को आगे की कार्रवाई के लिए सर्किट हाउस लेकर पहुंची। मामले में लोकायुक्त द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button