भोपाल- भारतीय जनता पार्टी ने राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी की नई सूची जारी की है। पार्टी ने मध्यप्रदेश में बिप्लब कुमार देब को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं मध्यप्रदेश के चार वरिष्ठ नेताओं को भी अन्य राज्यों में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारियों के तहत राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान का प्रभारी, पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को आंध्रप्रदेश का प्रभारी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी और खरगोन-बड़वानी से सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है।
कविता पाटीदार—राजस्थान प्रभारी
मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान की जिम्मेदारी मिली है। महिला और ओबीसी वर्ग से आने वाली कविता पाटीदार को हाल ही में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी मिली है। उन्होंने जमीनी राजनीति से अपनी शुरुआत की और इंदौर जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। उनका राज्यसभा कार्यकाल 30 जून 2022 से 29 जून 2028 तक है।
डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया—आंध्रप्रदेश प्रभारी
मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को आंध्रप्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। भिंड जिले से आने वाले भदौरिया 2008 में पहली बार विधायक चुने गए थे। वह शिवराज सिंह चौहान सरकार में सहकारिता मंत्री भी रहे हैं। उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता हेमंत कटारे को करीब पांच हजार वोटों से हराया था। भदौरिया लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
लाल सिंह आर्य—पश्चिम बंगाल सह प्रभारी
भिंड जिले के लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है। वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्य मध्यप्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह गोहद विधानसभा सीट से कई बार विधायक रहे और मध्यप्रदेश सरकार में राज्य मंत्री के रूप में सामान्य प्रशासन, विमानन और अनुसूचित जाति कल्याण जैसे विभाग संभाल चुके हैं।
गजेन्द्र सिंह पटेल—झारखंड प्रभारी
खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। पटेल को हाल ही में भाजपा की राष्ट्रीय टीम में महामंत्री की जिम्मेदारी भी मिली है। वह 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में खरगोन (एसटी) सीट से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए। इससे पहले वह मध्यप्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
भाजपा की नई सूची में मध्यप्रदेश के नेताओं को मिली इन जिम्मेदारियों को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में प्रदेश के नेताओं की सक्रिय भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।