Blogमध्यप्रदेश

पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया सहित 3 आरोपियों को अभी तक नहीं पकड़ सकी SIT, डीआईजी ने तीनों आरोपियों पर घोषित इनाम राशि बढ़ाकर 20-20 हजार की

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर/कटनी- जिले के कुठला थाने में दर्ज करीब 1.07 करोड़ रुपए की जमीन के कथित सौदे और पद के दुरुपयोग से जुड़े चर्चित मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी की तलाश में घोषित इनाम राशि डीआईजी ने बढ़ाकर 20-20 हजार रुपए कर दी है। इसके बावजूद तीनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

19 अगस्त 2026 को दर्ज हुई थी एफआईआर

कुठला थाने में 19 अगस्त को एफआईआर दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की जांच के लिए जबलपुर आईजी द्वारा एसआईटी का गठन किया गया है। लंबा समय बीतने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से एसआईटी की कार्रवाई और जांच की प्रगति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

विदेश में होने की चर्चा, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं

निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के विदेश में होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में लुकआउट नोटिस जारी करने में कथित देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पूर्व सीएसपी के आरोपी होने के कारण विभागीय कार्रवाई और पुलिस जांच दोनों पर नजर बनी हुई है।

90 दिन तक चार्जशीट नहीं पेश होने का आरोप

मामले की शुरुआत एक हत्या के आरोपी से जुड़े प्रकरण से हुई। आरोप है कि नेहा पच्चीसिया ने पद का कथित दुरुपयोग करते हुए संबंधित आरोपी के खिलाफ 90 दिनों तक अदालत में चार्जशीट पेश नहीं होने दी, जिसके चलते उसे जमानत मिल गई।

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, इसी दौरान संबंधित आरोपी की करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपए कीमत की जमीन को कथित रूप से नेहा पच्चीसिया के करीबियों के नाम पर महज करीब 18 लाख रुपए में खरीदा गया। पुलिस इसी कथित लेन-देन और पद के दुरुपयोग के आरोपों की जांच कर रही है।

गिरफ्तारी नहीं होने से कई सवाल

इनाम राशि बढ़ाए जाने के बावजूद तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि एसआईटी आरोपियों तक कब पहुंचती है और मामले में कथित जमीन सौदे तथा पद के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों की जांच किस निष्कर्ष तक पहुंचती है।

Related Articles

Back to top button