Blogमध्यप्रदेश

28 जून को कटनी जिले में चलेगा विशेष पल्स पोलियो अभियान, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने की पोलियो अभियान की व्यवस्थाओं की समीक्षा

जनलोक टाइम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का व्यापक आयोजन किया जाए। अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी 1 लाख 73 हजार 737 बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाई जाये। यह निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पोलियो अभियान के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं और इसके लिए तैयार कार्ययोजना की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए।

अभिभावकों से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील,

1.73 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 1737 टीकाकरण बूथ,

27 मोबाइल टीम और 75 ट्रांजिट बूथ किए गए तैयार

जिलेवासियों से सहयोग की अपील

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे रविवार 28 जून को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं। पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान में जनसहभागिता ही इसकी सबसे बड़ी सफलता है।

स्वास्थ्य अमला करेगा निगरानी

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले की करीब 16 लाख की आबादी के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को दवा पिलाने के कार्य की शत-प्रतिशत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश के बाद अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के 6 विकासखंडों, 1 जिला चिकित्सालय, 1 सिविल अस्पताल, 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 80 सेक्टर एवं 187 उप स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य अमला सक्रिय रहेगा।

1737 बूथों पर पिलाई जाएगी दवा

पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले में कुल 1670 स्थायी बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 288 शहरी और 1382 ग्रामीण क्षेत्र के बूथ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दूरस्थ क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आवागमन वाले प्रमुख स्थानों पर 75 ट्रांजिट बूथ तथा विशेष पहुंच वाले क्षेत्रों के लिए 27 मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी।

3354 कर्मचारियों की रहेगी तैनाती

कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर अभियान को सफल बनाने के लिए 3 हजार 354 टीकाकरण कर्मियों एवं 162 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए चिकित्सा अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी तय की गई है।

पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन और कोल्ड चेन की व्यवस्था

अभियान के लिए 11 हजार वायल (2 लाख 20 हजार डोज) पोलियो वैक्सीन की जरूरत है।जो उपलब्ध हो गई है।वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले में 36 आईएलआर, 35 डीप फ्रीजर, 79 कोल्ड बॉक्स और 1700 वैक्सीन कैरियर उपलब्ध कराए गए हैं।

वाहनों से होगी सतत निगरानी

अभियान के संचालन एवं निगरानी के लिए 43 चार पहिया और 242 दो पहिया वाहन लगाए जाएंगे, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button