बालाघाट- मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा में तत्कालीन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. सुनील सिंह के खिलाफ फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। करीब पांच महीने की जांच में उनकी एमबीबीएस डिग्री के साथ 10वीं और 12वीं की मार्कशीट भी फर्जी पाई गईं।
CHHO डॉ. शत्रुघ्न दाहिया के अनुसार, आरोपित पर देवास में पदस्थ डॉ. सुनील सिंह के नाम पर डिग्री बनवाने का आरोप है। मामला अप्रैल 2026 में तब सामने आया, जब बिरसा और देवास में एक ही नाम के दो डॉक्टरों के पदस्थ होने की जानकारी मिली। जांच में दोनों की डिग्री पर नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, डिग्री वर्ष और मेडिकल कॉलेज का नाम समान पाया गया।
इसके बाद दस्तावेजों की जांच शुरू की गई। शनिवार शाम बिरसा थाना पुलिस ने प्रभारी बीएमओ डॉ. नरेश मारन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस मामले के सभी पहलुओं और कथित फर्जी दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।