Blogमध्यप्रदेश

चलती कार में चाकू लहराना पड़ा महंगा, वायरल रील से पहुंची पुलिस आरोपी गिरफ्तार, जबलपुर में सोशल मीडिया सेल की निगरानी से हुई कार्रवाई, चाकू और पटाखे फोड़ने वाली नकली पिस्टल जब्त

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- चलती कार की खिड़की से चाकू और पिस्टलनुमा हथियार प्रदर्शित करने का वीडियो/रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीडियो में प्रदर्शित बटनदार धारदार चाकू और दिवाली में पटाखे फोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली नकली पिस्टल जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर निगरानी के लिए गठित सोशल मीडिया सेल द्वारा जिले से संबंधित वायरल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी दौरान चलती कार में युवक द्वारा कार की खिड़की से शस्त्र निकालकर प्रदर्शन करने का वीडियो सामने आया। सोशल मीडिया सेल ने मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया।

कार के नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस

थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया गया। कार मालिक से पूछताछ में वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान उसके बेटे के दोस्त अमन सचदेवा, निवासी आलोक नगर के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने तलाश करते हुए अधारताल मेन रोड से अमन सचदेवा को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने दोस्त की कार चलाते समय दिवाली में पटाखे फोड़ने वाली नकली पिस्टल का प्रदर्शन करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक राहगीर से 1200 रुपये में बटनदार धारदार चाकू खरीदना भी बताया।

चाकू और नकली पिस्टल जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वायरल रील में इस्तेमाल किया गया बटनदार धारदार चाकू तथा पटाखे फोड़ने वाली नकली पिस्टल जब्त कर ली। आरोपी अमन सचदेवा के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

आरोपी को तलाश कर पकड़ने और हथियार जब्त करने की कार्रवाई में उप निरीक्षक केसरी नंदन राय, प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा, सुधीर ठाकुर, आरक्षक महेश कहार, अजय दीक्षित, शुभम सिंह दिखित, अभय प्रताप सिंह और सुलेखा चंदोलिया की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button