मंदसौर- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को बारिश और घने अंधेरे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रही एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में कुछ लोग गुरुग्राम निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक मृतक राजस्थान के अलवर का रहने वाला था।
बारिश के बीच घना अंधेरा, अचानक सामने आया ट्रक
जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग खाटूश्याम दर्शन के लिए निकले थे। मंदसौर के पास एक्सप्रेस-वे पर बारिश के दौरान घना अंधेरा था। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक की पीछे की लाइट बंद होने के कारण वह कार चालक को दिखाई नहीं दिया। अचानक ट्रक सामने आने पर चालक कार को नियंत्रित नहीं कर सका और कार पीछे से ट्रक में जा घुसी।
घायल बिजंदर ने बताई हादसे की पूरी कहानी
हादसे में घायल बिजंदर ने बताया कि कार में राजस्थान के अलवर और गुरुग्राम के रहने वाले लोग सवार थे और सभी खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान सभी लोग भक्ति भाव में थे। एक्सप्रेस-वे पर चढ़ाई के दौरान बारिश और अंधेरे के बीच अचानक ट्रक सामने आ गया। ट्रक की पीछे की लाइट बंद होने के कारण उसे समय रहते देखा नहीं जा सका।बिजंदर के मुताबिक हादसे में अरविंद, कैलाश और बिंदर की जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके परिजन मौके के लिए रवाना हो चुके हैं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक बारिश, घना अंधेरा और आगे चल रहे ट्रक की पीछे की लाइट बंद होना हादसे की प्रमुख वजह बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।