Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

गणेश पंडाल में टूटा करंट का तार, 4 लोगों की मौत, 3 घायल, बारिश से पंडाल में थी नमी, एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर गिरने से हुआ हादसा

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मंडला/नैनपुर- मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश पंडाल में करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान बिरेन्द्र भांगर (55), कृष्ण कुमार भांबरे (19), रवि (24) और जैनू भांबरे (39) के रूप में हुई है।

नैनपुर थाना प्रभारी मंसाराम वगेन ने बताया कि युवक गणेश पंडाल में सो रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर उनके ऊपर गिर गया। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में बारिश होने के कारण पंडाल और आसपास की जमीन में नमी थी। ऐसे में टूटे तार के संपर्क में आने से लोग करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button