प्रशासनमध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के खरगोन में भूकंप के महसूस हुए झटके, 4.5 रही तीव्रता, खंडवा-बुरहानपुर तक कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल /खरगोन- मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से लोगों में हड़कंप मच गया। खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर सहित आसपास के इलाकों में धरती हिलने से लोग दहशत में आ गए। अचानक मकानों और इमारतों में कंपन महसूस होने पर कई लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने भूकंप की पुष्टि करते हुए इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार 14 नवंबर को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र के आसपास बताया गया है। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। इसकी कम गहराई के चलते आसपास के क्षेत्रों में कंपन स्पष्ट रूप से महसूस किया गया।

खंडवा से 88 किलोमीटर दूर बताया गया केंद्र

कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, भूकंप का केंद्र खंडवा मुख्यालय से लगभग 88 किलोमीटर दूर खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र में था। यह स्थान धार जिले के धामनोद से करीब 69 किलोमीटर दक्षिण और इंदौर से लगभग 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित है। विशेषज्ञों ने आगामी दो से तीन दिनों तक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

बुरहानपुर में भी महसूस हुए झटके

भूकंप का असर केवल खरगोन और खंडवा तक सीमित नहीं रहा। बुरहानपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह करीब 9:15 बजे हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती में कंपन होने से लोगों में भय का माहौल बन गया। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

पहले भी कई बार कांप चुकी है मालवा-निमाड़ की धरती

खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर और बड़वानी जिले के आसपास के क्षेत्रों में बीते वर्षों में कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। खंडवा में 21 जून 2024 को सुबह 9:04 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसके झटके पंधाना क्षेत्र में भी महसूस हुए थे।

इसके बाद 12 सितंबर 2025 को सुबह करीब 8:46 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे था। वहीं, 4 जून 2025 की रात करीब 9:57 बजे खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर में 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप का केंद्र खंडवा से करीब 66 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा के पास अमरावती क्षेत्र के नजदीक बताया गया था।

लगातार सामने आ रही भूकंपीय गतिविधियों के बीच शनिवार को आए 4.5 तीव्रता के झटकों ने एक बार फिर मालवा-निमाड़ क्षेत्र के लोगों को चिंता में डा्ल दिया है।

Related Articles

Back to top button