मध्यप्रदेश
एमपी के जबलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 15 वर्षीय किशोरी की मौत, अंतिम संस्कार के बीच पहुंची पुलिस ने चिता से उठवाकर कराया पोस्टमार्टम
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर/सिहोरा- सिहोरा क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में 15 वर्षीय किशोरी लक्ष्मी कोल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को पिता वसंत कोल के साथ किशोरी का अंतिम संस्कार किया जा रहा था, तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किशोरी के शव को चिता से उठवाकर पंचनामा कार्रवाई की और सिहोरा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
सर्पदंश से पिता की मौत, अगले दिन बेटी ने भी दम तोड़ा
पुलिस के अनुसार बरखेड़ा निवासी 44 वर्षीय वसंत कोल रविवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सिहोरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद वसंत का शव गांव लाया गया। इसी दौरान उनकी 15 वर्षीय बेटी लक्ष्मी की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता-पुत्री की मौत से गांव में शोक का माहौल बन गया।





