सागर- बंडा शराब त्रासदी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड घाटी पर पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी आशीष साहू भी भागने के प्रयास में घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 3 बजे हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक बंडा के बड़ा और विनायका थाना क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मुख्य आरोपी मनीष लोधी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम ने सुबह करीब 3 बजे नोनिया सेसई रोड घाटी पर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें मनीष लोधी घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, पांच कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया है। घायल आरोपियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जहरीली शराब से 41 मौतें, 52 आरोपी बनाए
बंडा शराब त्रासदी में जहरीली शराब के सेवन से अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में पुलिस ने कुल 52 आरोपियों को नामजद किया है। इनमें से अब तक 39 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार शराब बनाने वाले मुख्य आरोपी सहित अवैध शराब बिक्री से जुड़े दो आरोपियों की भी जहरीली शराब के सेवन से मौत हो चुकी है।
तीसरी बार शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तारी
पुलिस की कार्रवाई में यह तीसरा मौका है, जब शराब कांड से जुड़े आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले रवि लखेरा और शिवांजय सिंह को भी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।