कटनी- “स्कूल चले हम” अभियान के अंतर्गत शाला प्रारंभ उत्सव कार्यक्रम के द्वितीय चरण में स्लीमनाबाद क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसडीपीओ स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान एसडीपीओ ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
एसडीपीओ श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े, तो पीड़ित को तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
कार्यक्रम में छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका एसडीपीओ द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया। इस अवसर पर छात्रावास एवं विद्यालय के स्टाफ ने भी उपस्थित रहकर छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल नागरिक के रूप में विकसित करना है।