प्रशासनमध्यप्रदेश

सायबर सुरक्षा और जन जागरूकता हेतु सेफ क्लिक 2.0 अभियान एवं हेल्पलाइन नंबर 1930 का करें व्यापक प्रचार प्रसार, सायबर घटनाओं की रिपोर्ट एनसीआरपी पोर्टल पर करें तत्काल साझा – जिला पंचायत सीईओ

जनलोक टाईम्स से रामेति त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्य स्तरीय सायबर अपराधों की रोकथाम, सायबर सुरक्षा और जन जागरूकता हेतु सेफ क्लिक 2.0 (SAFE CLICK- 2026) अभियान एवं राष्ट्रीय सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक रूप से प्रचार करें। जनपद और ग्राम पंचायतों में सायबर सुरक्षा जागरूकता के द्वितीय संस्करण को जन-जन तक पहुंचाते हुए विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं,नागरिकों को तथा विभिन्न संगठनों और संस्थानों में शपथ दिलाया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध घटित होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) www.cybercrime.gov.in पर जानकारी साझा करें।

उदेश्य साझा कर नागरिकों से की अपील

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने वर्तमान परिस्थितियों और परिवेश को दृष्टिगत रखकर अनुभव साझा करते हुए कहा कि सायबर अपराधों की बढ़ती हुई घटनाओं से बचने आम जन को जागरूक होना बहुत जरूरी है। वे कहतीं है कि बढ़ते सायबर अपराधों के दौर में जन जागरूकता ही सुरक्षा का प्रभावी माध्यम है। जिला पंचायत सीईओ बताती हैं कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान का प्रमुख उद्देश्य जनता का इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए जागरूक करना तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देकर साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene) को बढ़ावा देना है। सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने आगे बताया कि सेफ क्लिक के द्वितीय संस्करण अभियान का उद्देश्य लोगों को डिजिटल सुरक्षा ,ऑन लाइन ठगी, फर्जी लिंक, सायबर फ्रॉड और सुरक्षित इंटरनेट का उपयोग करने जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ओटीपी पिन,सीवीवी और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करें। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने बच्चों , बुजुर्गों,विद्यार्थियों ,युवाओं, महिलाओं, नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि आप सभी का एक-एक कदम सायबर अपराधों के खिलाफ उसकी रोकथाम में सहायक होकर सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Related Articles

Back to top button