दतिया में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस प्रत्याशी के नाम के ऐलान के साथ ही अब दतिया उपचुनाव की तस्वीर साफ हो चुकी है। दतिया के चुनावी रण में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच मुकाबला होगा। भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह दोनों ही सोमवार को अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
कौन हैं घनश्याम सिंह ?
सेवढ़ा विधानसभा सीट से एक बार विधायक रह चुके हैं। दूसरी बार चुनाव हार गए थे। वे छतरपुर राज घराने से ताल्लुक रखते हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह के करीबी हैं। राजपूत समाज से आते हैं। दतिया समेत आसपास के क्षेत्रों में राजपूत समेत ओबीसी वर्ग का अच्छा-खासा वोट बैंक है। बैंक एफडी घोटाला मामले में विधायकी गंवाने वाले कांग्रेस के राजेंद्र भारती घनश्याम सिंह के नाम पर तैयार बताए जा रहे हैं। दिल्ली कांग्रेस के एक बड़े नेता ने बताया कि भारती की सहमति के आधार पर ही घनश्याम सिंह का नाम दिल्ली आया था और कांग्रेस पार्टी ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें दतिया उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है।
कांग्रेस से घनश्याम सिंह के नाम का ऐलान कर दिया गया है। वे सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार शाम को दतिया जाएंगे। तो वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी 13 जुलाई को ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे। आशुतोष तिवारी के नामांकन दाखिले के इस अवसर को भाजपा पार्टी शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, प्रदेश सरकार के कई मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी प्रस्तावित है। पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि इस कार्यक्रम के जरिए संगठनात्मक एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया जाए।