Blogमध्यप्रदेश

हर घर पहुंचा शुद्ध जल: एक वर्ष में 145 नल-जल योजनाएं पूरी, 23 हजार से ज्यादा परिवार लाभान्वित 263 गांवों ने हासिल किया ‘हर घर जल’ का दर्जा, 177 योजनाएं पंचायतों को हस्तांतरित

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणाम स्वरूप जिले में जल जीवन मिशन ने उल्लेखनीय गति पकड़ी है। ग्रामीण अंचलों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में बीते एक वर्ष के दौरान जिले ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। कलेक्टर द्वारा सतत् समीक्षा की वजह से योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से जिले में जल आपूर्ति व्यवस्था लगातार मजबूत हुई है।

जिले के 683 ग्रामों में स्वीकृत एकल ग्राम नल जल योजनाओं में से 505 योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इनमें 145 योजनाएं केवल पिछले एक वर्ष में पूर्ण हुई हैं, जो मिशन की तेज प्रगति को दर्शाती हैं।

स्थायी एवं बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्ण हो चुकी योजनाओं में से 394 योजनाएं संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। इनमें 177 योजनाओं का हस्तांतरण विगत एक वर्ष के दौरान किया गया है, जिससे जल प्रबंधन में स्थानीय संस्थाओं की भूमिका और अधिक सशक्त हुई है।

जिले में अब तक 498 ग्रामों को “हर घर जल” घोषित किया जा चुका है। इनमें 263 ग्राम पिछले एक वर्ष में इस श्रेणी में शामिल हुए हैं। इसके साथ ही 340 ग्रामों का सफल प्रमाणीकरण भी पूरा किया जा चुका है, जिनमें 219 ग्रामों का प्रमाणीकरण बीते एक वर्ष में हुआ है। यह उपलब्धि प्रत्येक पात्र परिवार तक कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत कटनी जिले के 2 लाख 12 हजार 447 परिवारों में से 1 लाख 94 हजार 633 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इस प्रकार जिले में 91.61 प्रतिशत परिवारों तक नल से जल की सुविधा पहुंच चुकी है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक वर्ष में ही 23 हजार 414 नए घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए, जिससे हजारों ग्रामीण परिवारों का जीवन अधिक सुविधाजनक और स्वस्थ हुआ है।

शेष 17 हजार 814 परिवारों तक भी शीघ्र नल से जल पहुंचाने के लिए कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इनमें 7 हजार 543 परिवारों को एकल ग्राम नल जल योजनाओं तथा 10 हजार 271 परिवारों को समूह नल जल योजनाओं के माध्यम से कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं के कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सके।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जल जीवन मिशन के प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जिले का कोई भी ग्रामीण परिवार स्वच्छ पेयजल की सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की ग्रामीण जल प्रदाय योजनाओं को पूर्ण होने पर तत्काल संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जाय।

कटनी जिले में जल जीवन मिशन की यह प्रगति सुशासन, प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है। आने वाले समय में शेष परिवारों तक भी नल से जल की सुविधा पहुंचाकर जिले को शत-प्रतिशत “हर घर जल” की उपलब्धि दिलाने की दिशा में प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Related Articles

Back to top button