महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के सामने हुआ हादसा, टक्कर के बाद हंगामा और जाम; पुलिस ने बस जब्त कर शुरू की कार्रवाई
जबलपुर- गोरखपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार यात्री बस ने पुलिस के डायल-112 वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डायल-112 वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन चला रहे पायलट नीरज भार्गव घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। डायल-112 वाहन गोरखपुर थाने से एक इवेंट के लिए महर्षि विद्या मंदिर स्कूल की ओर से छोटी लाइन फाटक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अनगढ़ महावीर मंदिर के पास बंदरिया तिराहा की ओर बढ़ते समय पीछे से तेज रफ्तार से आ रही यात्री बस (क्रमांक MP 20 ZK 9577) ने पुलिस वाहन (क्रमांक MP 04 YQ 05517) को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार करीब 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस वाहन में सवार अन्य कर्मचारी सुरक्षित रहे, लेकिन चालक नीरज भार्गव घायल हो गए। स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे तो बस चालक उनसे उलझ गया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाते हुए आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया। दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और डायल-112 वाहन को जब्त कर थाने पहुंचाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।