कटनी- जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ठहरने वाले आगंतुकों के रजिस्टर एवं उनके पहचान पत्रों (आईडी) की गहन जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की।
पुलिस ने होटल एवं गेस्ट हाउस के शैडो एरिया का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए तथा सभी आगंतुकों का रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित किया जाए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबा संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों एवं होटल संचालकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना, पुलिस कंट्रोल रूम 7587615946 अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।