Blogमध्यप्रदेश

₹33.50 करोड़ का अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों को समर्पित, विजयराघवगढ़ के करेला में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया लोकार्पण, ग्रामीण शिक्षा को मिली नई उड़ान

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करेला में लगभग ₹33.50 करोड़ की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण शनिवार को क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया। आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित इस विद्यालय को विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए उन्होंने इसे ग्रामीण अंचल की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

लोकार्पण समारोह में विधायक ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य तथा सपनों के बारे में चर्चा की। बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और सीखने की जिज्ञासा की सराहना करते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया।

विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था, बेहतर अधोसंरचना एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी शहरों के समान आधुनिक शिक्षा का वातावरण उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। सांदीपनि विद्यालय जैसी पहलें ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। सभी ने विद्यालय के शुभारंभ को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताते हुए शिक्षित, सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

मुख्य बिंदु;

₹33.50 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालय।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने फीता काटकर किया लोकार्पण।
विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर की चर्चा।
आधुनिक सुविधाओं से ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण।
विजयराघवगढ़ क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मिला नया आयाम।

Related Articles

Back to top button