ढीमरखेड़ा- जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत घुघरी में पंचायत निधि एवं नल-जल योजना की राशि में करीब 10 लाख रुपये के कथित गबन की शिकायत के बाद भी जांच आगे नहीं बढ़ने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत किए कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक न तो जांच पूरी हुई और न ही किसी जिम्मेदार के विरुद्ध कोई कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पंचायत सचिव एवं सरपंच पर फर्जी बिलों के माध्यम से शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग, कार्यालय व्यय में अनियमितता तथा नल-जल योजना की राशि में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद प्रारंभिक स्तर पर जांच की बात कही गई, लेकिन मामला अब ठंडे बस्ते में जाता दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला दब सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अभी तक मेरे पास जांच प्रतिवेदन नहीं पहुंचा है, जैसे ही जांच प्रतिवेदन आता है वैसे ही सम्बंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएंगी।