Blogमध्यप्रदेश

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर GM कोच में भड़की आग, OHE लाइन तक उठीं लपटें, स्टेशन पर मचा हड़कंप; फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पाया काबू

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफार्म नंबर-6 के पास बॉम्बे होटल की ओर बने वीआईपी गेट के नजदीक खड़े रेलवे के GM कोच में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की तेज लपटें कोच से निकलकर ऊपर गुजर रही OHE लाइन तक पहुंचने लगीं। घटना के समय कोच के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दूसरे कोचों तक आग पहुंचती तो हो सकता था बड़ा नुकसान

आग की लपटें जिस तरह तेजी से ऊपर उठ रही थीं, उससे रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और यह आसपास खड़े अन्य कोचों तक नहीं पहुंची। यदि आग दूसरे कोचों तक फैलती तो रेलवे को बड़ा नुकसान हो सकता था।

घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से आग के वीडियो बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।

शॉर्ट सर्किट या बैटरी में खराबी की आशंका

GM कोच में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाई-फाई सिस्टम को सपोर्ट करने वाली बैटरी में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है।

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच टीम गठित की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की सही वजह सामने आएगी। रेलवे अधिकारी आग से हुए नुकसान का भी आकलन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button